Skip to main content

समर्पण श्रेष्ठ श्री हनुमान जी। Samarpan shresth Shri Hanumanji.

राज्याभिषेक के अवसर पर धर्म विग्रह श्री राम ने मुनियों एवं ब्राह्मणों को नाना प्रकार के दान से संतुष्ट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया । तद न्नतर उन्होंने अपने मित्र सुग्रीव, युवराज ,अंगद, विभीषण ,जाम्बवान ,नल और नील आदि सारे वानर ,भालूओं को बहुमूल्य अलंकार एवं श्रेष्ठ रत्न प्रदान किए।

उसी समय भगवान श्रीराम ने महारानी सीता को अनेक सुंदर वस्त्र आभूषण अर्पित किया तथा एक सुंदर मुक्ताहार भी दिया ।यह हार पवन देवता ने अत्यंत आदर पूर्वक श्री राम को दिया था।

माता सीता ने देखा कि प्रभु श्रीराम ने सबको बहुमूल्य उपहार दिया , किंतु पवनकुमार हनुमान को अब तक कुछ नहीं मिला। माता सीता ने प्रभु के द्वारा प्राप्त दुर्लभ मुक्ताहार निकाल कर हाथ में ले लिया।

महारानी सीता की इच्छा का अनुमान कर प्रभु ने कहा - 'प्रिये!तुम जिसे चाहो , इसे दे दो।'माता सीता ने वह बहुमूल्य मुक्ताहार "श्री हनुमान जी" के गले में डाल दिया।

चारों तरफ हनुमान जी के भाग्य की प्रशंसा होने लगी । परंतु हनुमान जी की मुखाकृति पर प्रसन्नता का कोई चिन्ह नहीं दिखाई पड़ रहा था। वह सोच रहे थे कि प्रभु मेरी अंजलि में अपने अनंत सुखदायक चरण कमल रख देंगे, किंतु मिला मुक्ताहार! हनुमान जी ने उस मुक्ताहार को गले से निकाल लिया और उसे उलट-पलट कर देखने लगे। उन्होंने सोचा शायद उसके भीतर मेरे अभीष्ट सिताराम मिल जाए। बस, उन्होंने एक अनमोल रत्न को अपने वज्र तुल्य दांतों से फोड़ दिया ,पर उसमें भी कुछ नहीं था। वह तो केवल चमकता हुआ पत्थर ही था । हनुमान जी ने उसे फेंक दिया।

यह दृश्य देखकर सब का ध्यान श्री हनुमान जी की तरफ आकृष्ट हो गया । भगवान श्रीराम मन- ही -मन मुस्कुरा रहे थे।तथा माता जानकी सहित समस्त सभासद आश्चर्यचकित हो रहे थे। हनुमान जी क्रमशः एक-एक रत्नों को मुंह में डालकर दांतों से तोड़ते , उसे देखते और फेंक देते । सभासदों का धैर्य जाता रहा, पर कोई कुछ बोल नहीं पा रहा था । काना-फूसी होने लगी- आखिर हनुमानजी हैं तो बंदर ही न । विभीषण जी ने पूछ लिया - हनुमानजी ! इस हार के एक-एक रत्न से विशाल साम्राज्य खरीदे जा सकते हैं । आप इन्हें इस तरह क्यों नष्ट कर रहे हैं ?

एक रत्न को फोड़कर ध्यान पूर्वक देखते हुए हनुमान जी ने कहा 'लंकेश्वर! क्या करूं ? मैं देख रहा हूं कि इस रत्नों में मेरे प्रभु की भुवन- मोहनी छवि है कि नहीं, किंतु अब तक एक में भी उन्हें उनके दर्शन नहीं हुए जिनमें मेरे स्वामी की पावन मूर्ति नहीं है वह तो तोड़ने और फेंकने योग्य ही है।

विभीषण ने क्षुब्ध होकर पूछा - 'यदि इन अनमोल रत्नों में प्रभु की मूर्ति नहीं है तो आप की पहाड़ - जैसी काया में है क्या ?' निश्चय ही है!

हनुमान जी ने दृढ़ विश्वास के साथ कहा और भगवान श्री राम के अनन्य अनुरागी हनुमान ने अपने तीक्ष्ण नखों से अपने हृदय को फाड़ दिया।

आशचर्य ! अत्यंत आश्चर्य ! विभीषण ही नहीं समस्त सभासदों ने देखा कि हनुमान जी के हृदय में भगवान श्री सीताराम की मनोहर मूर्ति विराज रही थी और उनके रोम - रोम से राम नाम की ध्वनि हो रही थी । लकेश्वर उनके चरणों में गिर पड़े । भक्त राज हनुमान की जय से राज दरबार गूंज उठा।

इसे कहते हैं भक्त का प्रभु के प्रति समर्पण।

Comments

Popular posts from this blog

जिनके साथ हम रहेंगे वैसे ही बन जाएंगे। Jinke sath ham rahenge vaise hi ban jaenge

प्राय: स्कूल या कॉलेज से मित्रता की शुरुआत होती है। हम जिन लोगों के बीच रहते हैं, अपना अधिकांश समय व्यतीत करते हैं, उनसे हमारा परिचय होता है, संबंध प्रगाढ़ होते हैं, मित्रता बढ़ती है और हमको लगता है कि यह सब हमारे मित्र हैं, क्या वे वाकई हमारे मित्र हैं, हम अपना विवेक जगाएं और देखें कि क्या वाकई वे सभी हमारी मित्रता के लायक हैं ? अगर किसी में कोई कुटेव है तो आप तुरंत स्वयं को अलग कर लें, नहीं तो वे आदतें आपको भी लग जाएंगीं। अगर आपको सिगरेट पीने की आदत पड़ चुकी है तो झांकें अपने अतीत में। आपको दिखाई देगा कि आप विद्यालय या महाविद्यालय में पढ़ते थे, चार मित्र मिलकर एक सिगरेट लाते थे और किसी पेड़ की ओट में आकर सिगरेट जलाते और एक ही सिगरेट को बारी-बारी से चारों पीते थे। पहले छुप-छुपकर, फिर फिल्म हॉल में गए तब, फिर इधर-उधर हुए तब, फिर बाथरूम में पीने लगे और धीरे-धीरे सब के सामने पीने लगे। इस तरह पड़ी जीवन में एक बुरी आदत और आपने उन्हीं लोगों को अपना मित्र मान लिया, जिन लोगों ने आपके जीवन में बुरी आदत लगाई। अगर आप गुटखा खाते हैं तो सोचे कि इसकी शुरुआत कहां से हुई। जरूर आपकी किसी ऐसे व्यक्ति ...

बड़प्पन उम्र से नहीं अच्छे कर्मों से सिद्ध होता है badappan umra se nahin acche karmon se siddh hota hai

बड़ा तो गधा भी हो जाता है और कुत्ता भी हो जाता है, गुंडा भी हो जाता है और दुर्जन भी हो जाता है, चोर भी हो जाता है और व्यभिचारी भी हो जाता है। मात्र समय व्यतीत होता है और यह सभी बड़े हो जाते हैं। परंतु, यह " बड़प्पन " न तो गौरवप्रद बनता है और न ही किसी के लिए आलंबन रूप बनता है। परंतु…… एक बड़प्पन ऐसा है कि जिसका संबंध समय के साथ नहीं, पर सत्कार्यों के साथ है। उम्र के साथ नहीं, पर विवेक के साथ है। यह बड़प्पन गौरवप्रद भी बनता है और अनेकों के लिए आलंबन रूप भी बनता है। एक सनातन सत्य हमें आंखों के सामने रखना है और वह यह है कि   जिंदगी की लंबाई बढ़ाने के लिए हम कुछ भी नहीं कर सकते लेकिन हमारे हाथ में यह दो चीजें हैं - जिंदगी की चौड़ाई हम बढ़ा सकते हैं, जिंदगी की गहराई हम बढ़ा सकते हैं। जीवन को यदि हम सत्कार्यों से महका रहे हैं तो हमारे जीवन की चौड़ाई बढ़ रही है और उन सत्कार्यों के फल - स्वरुप यदि हमारे मन की प्रसन्नता बनी रहती है तो हमारे जीवन की गहराई बढ़ रही है। पर कैसी दयनीय दशा है हमारी ? जीवन की इस जिस लंबाई को बढ़ाने में स्वयं परमात्मा को भी सफलता नहीं मिली उस लंबाई को बढ़ाने ...

कल की चिंता में वर्तमान समय को व्यर्थ ना गवाएं cal ki chinta mein vartman samay ko vyarth Na gavan

" रात गई बात गई " जो इस भाव में जीता है उसके पास भला तनाव कहां से आएगा ? रात की बात को सुबह लाना और सुबह की बात को रात तक खींच कर ले जाना ही तो चिंता का बसेरा बसाना है । अगर आप जी सकें तो वर्तमान में जीने की कोशिश कीजिए। जो जैसा मिला है उसे जिया जाए‌। जैसे आप अपने घर में खूंटियों पर कपड़े लटकाते हैं वैसे ही उन खूंटियों पर अतीत की यादें लटका दें, भविष्य की कल्पनाओं को लटका दें और आप वर्तमान में जिएं। जो वर्तमान में जीता है जैसी व्यवस्था मिलती है उसे स्वीकार कर लेता है, वह चिंतामुक्त है। कोठरी का भी स्वागत करो और कोठी का भी स्वागत करो। वर्तमान में जीते हुए प्रकृति के सानिध्य में रहने की कोशिश करें। प्रकृति जो कर देती है वही ठीक है। चिंता करने से जीवन के संयोग नहीं बदलते। चिंताओं से समस्या का समाधान भी नहीं निकला करता। अच्छा होगा चिंता करने के बजाय चिंतन करें, निर्णय लें तदनुसार कार्य करें, परिणाम जो आए उसका स्वागत करें। एक अन्य काम और करें कि जीवन में घटी दुर्घटनाओं को अधिक तवज्जो ना दें। उठा-पटक हर किसी की जिंदगी में होती है तभी तो आदमी को "समझ" आती है। लेकिन जो ब...