Skip to main content

पढ़ने योग्य लिखा जाए इसकी अपेक्षा अच्छा लिखने योग्य किया जाए। Padhne yogya likha jaaye iski apeksha likhane yogya kiya jaaye.


यदि मेरे पास दो विकल्प हों -
एक यह कि ,
' मैं ऐसा सटीक लिखूं कि मेरा लिखा हुआ पढ़ने के लिए लोग मजबूर हो जाए '
और दूसरा यह कि ,
' मैं ऐसा जीवन जी लूं कि मेरे जीवन पर लिखने के लिए लोग मजबूर हो जाए '
तो मैं किस विकल्प को पसंद करूंगा ? प्रथम विकल्प को पसंद करने के लिए मन हमेशा तैयार रहेगा।
क्यों ?
क्योंकि , इसमें कोई बड़ी चुनौती नहीं है और सफल होने में कोई विशेष परेशानी नहीं है ।
जबकि दूसरे विकल्प को पसंद करने में मन हमेशा पीछे हटेगा।
क्यों ?
क्योंकि , इसमें चुनौती बहुत बड़ी है और सफलता भी संदिग्ध है।
इसके बावजूद इतना ही कहूंगा कि यह दुनिया आज थोड़ी बहुत भी अच्छी दिख रही है तो इसका जितना श्रेय अच्छे साहित्य को जाता है उससे ज्यादा सद्आचरण को जाता है ।
यद्यपि ,
खराब आचरण वाला भी अच्छा लिख सकता है और सद्आचरण वाला भी अच्छा लिख सकता है , पर जिनका आचरण भी सद् है और लेखन भी सटीक तथा मार्मिक है उन्होंने इस दुनिया पर जो उपकार किया है वह अवर्णनीय है।
प्रश्न दूसरों का नहीं , हमारा है ।
प्रश्न साहित्यकारों का नहीं , हमारा है ।
क्या मुझे ऐसा साहित्यकार बनना चाहिए कि लोगों को मुझे पढ़ें बिना चैन ना पड़े या मुझे ऐसा सदाचारी बनना चाहिए कि लोगों को मुझ पर लिखे बिना चैन ना पड़े ?
संदेश स्पष्ट है ।
सैनिक अच्छा संगीतकार न हो यह चल सकता है। पर अच्छा योद्धा तो होना ही चाहिए।
इंसान के पास अमीरी न हो तो चल सकता है। पर इंसानियत तो उसमें होनी ही चाहिए। इसी तरह ,
साहित्यकार बनने की मुझमें क्षमता मुझ में न हो यह चल सकता है , पर सदाचरण तो मुझ में होना ही चाहिए ।
इस संदर्भ में एक अत्यंत महत्वपूर्ण बात - दीपक को स्वयं के बारे में बोलने की आवश्यकता नहीं पड़ती ,
उसका प्रकाश उसके बारे में बोलता रहता है। ऐसे ही सदाचारी को अपने बारे में बोलने की आवश्यकता नहीं पड़ती , उसका सदाचरण ही उसके बारे में बोलता रहता है। मैं क्या कहना चाहता हूं आप समझ गए होंगे।


Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

जिनके साथ हम रहेंगे वैसे ही बन जाएंगे। Jinke sath ham rahenge vaise hi ban jaenge

प्राय: स्कूल या कॉलेज से मित्रता की शुरुआत होती है। हम जिन लोगों के बीच रहते हैं, अपना अधिकांश समय व्यतीत करते हैं, उनसे हमारा परिचय होता है, संबंध प्रगाढ़ होते हैं, मित्रता बढ़ती है और हमको लगता है कि यह सब हमारे मित्र हैं, क्या वे वाकई हमारे मित्र हैं, हम अपना विवेक जगाएं और देखें कि क्या वाकई वे सभी हमारी मित्रता के लायक हैं ? अगर किसी में कोई कुटेव है तो आप तुरंत स्वयं को अलग कर लें, नहीं तो वे आदतें आपको भी लग जाएंगीं। अगर आपको सिगरेट पीने की आदत पड़ चुकी है तो झांकें अपने अतीत में। आपको दिखाई देगा कि आप विद्यालय या महाविद्यालय में पढ़ते थे, चार मित्र मिलकर एक सिगरेट लाते थे और किसी पेड़ की ओट में आकर सिगरेट जलाते और एक ही सिगरेट को बारी-बारी से चारों पीते थे। पहले छुप-छुपकर, फिर फिल्म हॉल में गए तब, फिर इधर-उधर हुए तब, फिर बाथरूम में पीने लगे और धीरे-धीरे सब के सामने पीने लगे। इस तरह पड़ी जीवन में एक बुरी आदत और आपने उन्हीं लोगों को अपना मित्र मान लिया, जिन लोगों ने आपके जीवन में बुरी आदत लगाई। अगर आप गुटखा खाते हैं तो सोचे कि इसकी शुरुआत कहां से हुई। जरूर आपकी किसी ऐसे व्यक्ति ...

बड़प्पन उम्र से नहीं अच्छे कर्मों से सिद्ध होता है badappan umra se nahin acche karmon se siddh hota hai

बड़ा तो गधा भी हो जाता है और कुत्ता भी हो जाता है, गुंडा भी हो जाता है और दुर्जन भी हो जाता है, चोर भी हो जाता है और व्यभिचारी भी हो जाता है। मात्र समय व्यतीत होता है और यह सभी बड़े हो जाते हैं। परंतु, यह " बड़प्पन " न तो गौरवप्रद बनता है और न ही किसी के लिए आलंबन रूप बनता है। परंतु…… एक बड़प्पन ऐसा है कि जिसका संबंध समय के साथ नहीं, पर सत्कार्यों के साथ है। उम्र के साथ नहीं, पर विवेक के साथ है। यह बड़प्पन गौरवप्रद भी बनता है और अनेकों के लिए आलंबन रूप भी बनता है। एक सनातन सत्य हमें आंखों के सामने रखना है और वह यह है कि   जिंदगी की लंबाई बढ़ाने के लिए हम कुछ भी नहीं कर सकते लेकिन हमारे हाथ में यह दो चीजें हैं - जिंदगी की चौड़ाई हम बढ़ा सकते हैं, जिंदगी की गहराई हम बढ़ा सकते हैं। जीवन को यदि हम सत्कार्यों से महका रहे हैं तो हमारे जीवन की चौड़ाई बढ़ रही है और उन सत्कार्यों के फल - स्वरुप यदि हमारे मन की प्रसन्नता बनी रहती है तो हमारे जीवन की गहराई बढ़ रही है। पर कैसी दयनीय दशा है हमारी ? जीवन की इस जिस लंबाई को बढ़ाने में स्वयं परमात्मा को भी सफलता नहीं मिली उस लंबाई को बढ़ाने ...

कल की चिंता में वर्तमान समय को व्यर्थ ना गवाएं cal ki chinta mein vartman samay ko vyarth Na gavan

" रात गई बात गई " जो इस भाव में जीता है उसके पास भला तनाव कहां से आएगा ? रात की बात को सुबह लाना और सुबह की बात को रात तक खींच कर ले जाना ही तो चिंता का बसेरा बसाना है । अगर आप जी सकें तो वर्तमान में जीने की कोशिश कीजिए। जो जैसा मिला है उसे जिया जाए‌। जैसे आप अपने घर में खूंटियों पर कपड़े लटकाते हैं वैसे ही उन खूंटियों पर अतीत की यादें लटका दें, भविष्य की कल्पनाओं को लटका दें और आप वर्तमान में जिएं। जो वर्तमान में जीता है जैसी व्यवस्था मिलती है उसे स्वीकार कर लेता है, वह चिंतामुक्त है। कोठरी का भी स्वागत करो और कोठी का भी स्वागत करो। वर्तमान में जीते हुए प्रकृति के सानिध्य में रहने की कोशिश करें। प्रकृति जो कर देती है वही ठीक है। चिंता करने से जीवन के संयोग नहीं बदलते। चिंताओं से समस्या का समाधान भी नहीं निकला करता। अच्छा होगा चिंता करने के बजाय चिंतन करें, निर्णय लें तदनुसार कार्य करें, परिणाम जो आए उसका स्वागत करें। एक अन्य काम और करें कि जीवन में घटी दुर्घटनाओं को अधिक तवज्जो ना दें। उठा-पटक हर किसी की जिंदगी में होती है तभी तो आदमी को "समझ" आती है। लेकिन जो ब...