Skip to main content

अंतर - सौंदर्य Antar - soundarya


श्रमण हरिकेशबल चांडाल कुल में उत्पन्न हुए थे। बचपन में जातिवाद के शिकार हुए। उन्हें संसार से घृणा हुई और वे श्रमण बन गए।





एक दिन हरिकेशबल ध्यान में लीन थे। राजकुमारी भद्रा मंदिर में पूजन कर बाहर निकली थी। अचानक भद्रा की नजर हरिकेशबल पर पड़ी। हरिकेशबल का काला - कलूटा शरीर देखकर राजकुमारी घृणा कर बैठी। वह उनकी उज्जवल ता को न पहचान पाई और उन पर थूक दिया।





पास खड़ी सहेली ने कहा , ' राजकुमारी ! तुमने यह क्या किया ? इस संत ने जातिवाद की बेड़ियों को तोड़कर मानवता को प्रतिष्ठित किया है। क्षमा मांग लो इनसे , अन्यथा कुछ भी अहित हो सकता है। इनका अनादर उस ज्योति का अपमान है जो इस संत के अंतरर्दीप मैं प्रज्वलित है।'





' हूं ! मैं और क्षमा मांगू इस काले - कलूटे से ! मेरा कुछ भी अहीत नहीं हो सकता। भला यह श्रमण मेरा क्या बिगाड़ लेगा ?'





वृक्ष पर बैठा हुआ यक्ष सब कुछ देख - सुन रहा था। हरिकेशबल का अपमान उसके लिए असहृ था। उसने निर्णय लिया , राजकुमारी के गर्व को चकनाचूर करने का तथा संत के अपमान का बदला लेने का।





राजमहल पहुंचते ही भद्रा बेहोश हो गई। सारे उपचार निरर्थक गए। राजवैद्य ने कहा , 'राजकुमारी को कोई रोग नहीं बल्कि कुछ ऊपरी प्रभाव है। '





भद्रा के पिता काशी - नरेश कौशलिक ने छानबीन करवाई। राजकुमारी की सखियों से ज्ञात हुआ कि राजकुमारी हरिकेशबल का अपमान किया है। नरेश हरिकेशबल की यौगिक शक्ति से अनभिज्ञ न था। मंत्री के साथ वह संत के पास पहुंचा। उसने चरण वंदना की और निवेदन की भाषा में कहा , ' मुनिश्रेष्ठ ! मेरी पुत्री भद्रा ने अज्ञानवश आपका अपमान किया है। हम इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं। आज वह मृत्यु - शैया पर है। आप क्षमाशील हैं। कृपया मेरी पुत्री को जीवनदान दे। '





हरिकेशबल सहजभाव से बोले , ' राजन ! मैं घटना से अनभिज्ञ हूं और न ही मैं तुम्हारी पुत्री पर क्रध्द हूं। मेरा धर्म तो समता है। संभव है , मेरे भक्त यक्ष ने कुछ किया हो।'





राजा ने यक्ष की पूजा की। वह प्रकट हुआ। नरेश ने यक्ष से भी प्रार्थना , ' यक्ष देव आप प्रसन्न हों , मेरी पुत्री ने जो कुछ किया है , अज्ञानवश किया है। कृपया उसे क्षमा करें , उसे जीवनदान दे।'





यक्ष ने कहा , ' राजन ! ऐसा नहीं हो सकता। तुम्हारी पुत्री ने अपराध किया है। उसने आत्मदर्शी हरिकेशबल पर थूका है। राजन ! याद रखो , सत्ता और संपत्ति कभी संत से ऊपर नहीं होती।'





' यक्ष दैव ! ऐसा न कहें। मैं आपका आजीवन भक्त रहूंगा। क्या भक्त की पुकार आप नहीं सुनेंगे ? आप जो चाहे मुझे दंड दे , पर मेरी पुत्री को स्वस्थ कर दें।'





' राजन ! यद्यपि अपराध अक्षम्य है , पर एक शर्त पर तुम्हारी पुत्री को स्वस्थ कर सकता हूं। राजकुमारी भद्रा उस महाश्रमण को पत्नी के रूप में दान दी जाए।'





पास खड़े मंत्री ने कहा , ' यक्षराज ! यह आप क्या कर रहे हैं ? यह सर्वथा अनुचित है , असंभव है।'





' तब राजकुमारी को मृत्यु की गोद में सोना होगा । '





' नहीं ! यक्षराज ऐसा न कहें। आपकी शर्त में मंजूर करता हूं । ' राजा ने निवेदन भरे शब्दों में कहा।





राजकुमारी स्वस्थ हो गई। राजा ने भद्रा से कहा , ' यक्ष के आदेशानुसार तुम्हें उस महासंत से विवाह करना होगा।'





' क्या कहा ! उस मैले - कुचैले भिक्षु से मैं विवाह करूं ! पिताश्री ! ऐसा कभी न हो पाएगा। '





' मैं स्वयं भी चिंतित हूं इस संबंध में , किंतु में विवश हूं। तुम्हें जीवित रहना है तो उस संत से विवाह करना ही होगा।'





कौशलिक और राजकुमारी भद्रा हरिकेशबल के पास पहुंचे और उन से निवेदन किया ,' मुनिवर ! यक्ष के आदेश से मैं अपनी पुत्री को आपको समर्पित करने आया हूं ।'





हरिकेशबल विस्मित भाव से बोले , ' राजन !तुम यह क्या कह रहे हो ? कहां मैं और कहां राजकुमारी ! फिर मैं तो एक श्रमण हूं । मेरे लिए विवाह असंभव है , धर्मविरुद्ध है । आप अपनी पुत्री का विवाह किसी अन्य से कर दें। आपने यक्ष के आदेश का पालन कर लिया , अतः अब राजकन्या का अहित नहीं होगा।'





राजकुमारी भद्रा मुनि के व्यवहार से आश्चर्यचकित थी। जिस व्यक्ति का रूप ऐसा कुत्सित , उसके विचार इतने निर्मल ! कुछ क्षण में मुनि ध्यान में लीन हो गए। भद्रा ने देखा ध्यानस्थ संत के अन्तस्तल से बाहर निकलते सत्य के सौंदर्य को , माटी के दीये में जलती पावन ज्योति को।


Comments

Popular posts from this blog

निंदा - Ninda

निंदा पत्नी ने पति से कहाँ- टीवी कि आवाज जरा कम कर दो इस आवाज की वजह से पडोस मैं जो पति- पत्नी झगड रहे है वह मुझे सुनाई नहीं दे रहा है। सबक दुसरो कि निंदा सुनने में बडा आंनद आता है इस लिए गुरु के हितकारी प्रवचन हम सुन नहीं सकते हैं। निंदा करना और सुनना प्रवचन सुनने के लिए बाधक भी है और उसके प्रभाव को नाश करने वाला है।

जिनके साथ हम रहेंगे वैसे ही बन जाएंगे। Jinke sath ham rahenge vaise hi ban jaenge

प्राय: स्कूल या कॉलेज से मित्रता की शुरुआत होती है। हम जिन लोगों के बीच रहते हैं, अपना अधिकांश समय व्यतीत करते हैं, उनसे हमारा परिचय होता है, संबंध प्रगाढ़ होते हैं, मित्रता बढ़ती है और हमको लगता है कि यह सब हमारे मित्र हैं, क्या वे वाकई हमारे मित्र हैं, हम अपना विवेक जगाएं और देखें कि क्या वाकई वे सभी हमारी मित्रता के लायक हैं ? अगर किसी में कोई कुटेव है तो आप तुरंत स्वयं को अलग कर लें, नहीं तो वे आदतें आपको भी लग जाएंगीं। अगर आपको सिगरेट पीने की आदत पड़ चुकी है तो झांकें अपने अतीत में। आपको दिखाई देगा कि आप विद्यालय या महाविद्यालय में पढ़ते थे, चार मित्र मिलकर एक सिगरेट लाते थे और किसी पेड़ की ओट में आकर सिगरेट जलाते और एक ही सिगरेट को बारी-बारी से चारों पीते थे। पहले छुप-छुपकर, फिर फिल्म हॉल में गए तब, फिर इधर-उधर हुए तब, फिर बाथरूम में पीने लगे और धीरे-धीरे सब के सामने पीने लगे। इस तरह पड़ी जीवन में एक बुरी आदत और आपने उन्हीं लोगों को अपना मित्र मान लिया, जिन लोगों ने आपके जीवन में बुरी आदत लगाई। अगर आप गुटखा खाते हैं तो सोचे कि इसकी शुरुआत कहां से हुई। जरूर आपकी किसी ऐसे व्यक्ति ...

बड़प्पन उम्र से नहीं अच्छे कर्मों से सिद्ध होता है badappan umra se nahin acche karmon se siddh hota hai

बड़ा तो गधा भी हो जाता है और कुत्ता भी हो जाता है, गुंडा भी हो जाता है और दुर्जन भी हो जाता है, चोर भी हो जाता है और व्यभिचारी भी हो जाता है। मात्र समय व्यतीत होता है और यह सभी बड़े हो जाते हैं। परंतु, यह " बड़प्पन " न तो गौरवप्रद बनता है और न ही किसी के लिए आलंबन रूप बनता है। परंतु…… एक बड़प्पन ऐसा है कि जिसका संबंध समय के साथ नहीं, पर सत्कार्यों के साथ है। उम्र के साथ नहीं, पर विवेक के साथ है। यह बड़प्पन गौरवप्रद भी बनता है और अनेकों के लिए आलंबन रूप भी बनता है। एक सनातन सत्य हमें आंखों के सामने रखना है और वह यह है कि   जिंदगी की लंबाई बढ़ाने के लिए हम कुछ भी नहीं कर सकते लेकिन हमारे हाथ में यह दो चीजें हैं - जिंदगी की चौड़ाई हम बढ़ा सकते हैं, जिंदगी की गहराई हम बढ़ा सकते हैं। जीवन को यदि हम सत्कार्यों से महका रहे हैं तो हमारे जीवन की चौड़ाई बढ़ रही है और उन सत्कार्यों के फल - स्वरुप यदि हमारे मन की प्रसन्नता बनी रहती है तो हमारे जीवन की गहराई बढ़ रही है। पर कैसी दयनीय दशा है हमारी ? जीवन की इस जिस लंबाई को बढ़ाने में स्वयं परमात्मा को भी सफलता नहीं मिली उस लंबाई को बढ़ाने ...