Skip to main content

सत्य और शांति की खोज Satya aur shanti ki khoj


दार्शनिक मौलुंकपुत्र तथागत बुद्ध के पास गया और पूछा , ' क्या ईश्वर है ?





बुद्ध ने कहा , ' तुम्हारे प्रश्न का उत्तर अवश्य दूंगा , पर पहले यह बताओ कि यह तुम्हारी बौध्दिक उपज है या सत्य जानने का प्रयास। '





मौलुंकपुत्र ने कहा , ' बौद्धिक खुजलाहट बहुत कर चुका हूं। अब तो सत्य से साक्षात्कार करना चाहता हूं। '





' तो फिर तुम क्या कुछ दांव पर लगा सकोगे ?' बुद्ध ने प्रश्न - सूचक लहजे में पूछा।





मौलुंकपुत्र ने कहा , ' मैं सब कुछ लगा दूंगा दांव पर क्योंकि जैसे आप क्षत्रियपुत्र हैं , वैसे ही मैं भी क्षत्रियपुत्र हूं ! क्षत्रिय , क्षत्रिय को चुनौती न दे।





बुद्ध बोले , ' मौलुंकपुत ! चुनौती मेरा जीवन है। क्या ईश्वर है ? अगर इस प्रश्न का समाधान पाना है तो दो वर्ष तुम्हें मौन रखना पड़ेगा , यहीं पर ; तब तक न कोई प्रश्न और न ही कोई समाधान। जब दो वर्ष पूर्ण हो जाएंगे मौन को , तो मैं स्वयं ही पूछ लूंगा और तुम्हारे प्रश्न का समाधान दे दूंगा। क्या तुम तैयार हो ? '





' क्या दो वर्ष तक निरंतर मौन ? मौलुंकपुत्र पहले तो चौंका। पर बाद में कहने लगा , 'भगवान , अगर आप जान रहे हैं तो अभी बताने में क्या आपत्ति है ? '





बुद्ध ने कहा , ' पात्रता का निर्माण करना होगा। उल्टे पात्र पर अगर अमृत भी डाल दिया जाए तो वह व्यर्थ ही जाता है। तू धैर्य से काम ले। मैं मात्र उत्तर ही नहीं देता , उपचार भी देता हूं और दो वर्ष का मौन , यही उपचार है और तुम्हारे लिए यही औषधि है। '





मौलुंकपुत्र कुछ बोल न पाया। वह चुप बैठा रहा , पूर्णतया मौन और इसी मौन ने उसे अंतरगुहा में प्रवेश करा दिया। दो वर्ष बीत गए , पर वह तो अतीत को विस्मृत ही कर बैठा था।





एक दिन बुद्ध ने मौलुंकपुत्र से कहा , ' क्या हुआ वत्स , क्या दो वर्ष अभी पूर्ण नहीं हुए हैं ?'





मौलुंकपुत्र हंसने लगा और बोला , " भगवान , आपकी औषधि काम कर गई। मुझ में ही दीप जल उठा है।मौन में मेरे अंतरस्वर मुखरित हो उठे हैं। मेरा पांडित्य गिर गया है , प्रज्ञा के नयन खुले हैं और इसी मौन प्रज्ञा ने मेरे प्रश्नों का समाधान तो क्या , मुझे प्रश्न से ही मुक्त भी कर दिया है । "





' मैं शांत हूं मेरी यह शांति ही......'





' बुद्धत्व है ', किसी चिड़िया ने यह बोल बोले और आसमान में उड़ गई। मौलुंकपुत्र ने देखा , बुद्ध मुस्कुरा रहे थे।


Comments

Popular posts from this blog

जिनके साथ हम रहेंगे वैसे ही बन जाएंगे। Jinke sath ham rahenge vaise hi ban jaenge

प्राय: स्कूल या कॉलेज से मित्रता की शुरुआत होती है। हम जिन लोगों के बीच रहते हैं, अपना अधिकांश समय व्यतीत करते हैं, उनसे हमारा परिचय होता है, संबंध प्रगाढ़ होते हैं, मित्रता बढ़ती है और हमको लगता है कि यह सब हमारे मित्र हैं, क्या वे वाकई हमारे मित्र हैं, हम अपना विवेक जगाएं और देखें कि क्या वाकई वे सभी हमारी मित्रता के लायक हैं ? अगर किसी में कोई कुटेव है तो आप तुरंत स्वयं को अलग कर लें, नहीं तो वे आदतें आपको भी लग जाएंगीं। अगर आपको सिगरेट पीने की आदत पड़ चुकी है तो झांकें अपने अतीत में। आपको दिखाई देगा कि आप विद्यालय या महाविद्यालय में पढ़ते थे, चार मित्र मिलकर एक सिगरेट लाते थे और किसी पेड़ की ओट में आकर सिगरेट जलाते और एक ही सिगरेट को बारी-बारी से चारों पीते थे। पहले छुप-छुपकर, फिर फिल्म हॉल में गए तब, फिर इधर-उधर हुए तब, फिर बाथरूम में पीने लगे और धीरे-धीरे सब के सामने पीने लगे। इस तरह पड़ी जीवन में एक बुरी आदत और आपने उन्हीं लोगों को अपना मित्र मान लिया, जिन लोगों ने आपके जीवन में बुरी आदत लगाई। अगर आप गुटखा खाते हैं तो सोचे कि इसकी शुरुआत कहां से हुई। जरूर आपकी किसी ऐसे व्यक्ति ...

बड़प्पन उम्र से नहीं अच्छे कर्मों से सिद्ध होता है badappan umra se nahin acche karmon se siddh hota hai

बड़ा तो गधा भी हो जाता है और कुत्ता भी हो जाता है, गुंडा भी हो जाता है और दुर्जन भी हो जाता है, चोर भी हो जाता है और व्यभिचारी भी हो जाता है। मात्र समय व्यतीत होता है और यह सभी बड़े हो जाते हैं। परंतु, यह " बड़प्पन " न तो गौरवप्रद बनता है और न ही किसी के लिए आलंबन रूप बनता है। परंतु…… एक बड़प्पन ऐसा है कि जिसका संबंध समय के साथ नहीं, पर सत्कार्यों के साथ है। उम्र के साथ नहीं, पर विवेक के साथ है। यह बड़प्पन गौरवप्रद भी बनता है और अनेकों के लिए आलंबन रूप भी बनता है। एक सनातन सत्य हमें आंखों के सामने रखना है और वह यह है कि   जिंदगी की लंबाई बढ़ाने के लिए हम कुछ भी नहीं कर सकते लेकिन हमारे हाथ में यह दो चीजें हैं - जिंदगी की चौड़ाई हम बढ़ा सकते हैं, जिंदगी की गहराई हम बढ़ा सकते हैं। जीवन को यदि हम सत्कार्यों से महका रहे हैं तो हमारे जीवन की चौड़ाई बढ़ रही है और उन सत्कार्यों के फल - स्वरुप यदि हमारे मन की प्रसन्नता बनी रहती है तो हमारे जीवन की गहराई बढ़ रही है। पर कैसी दयनीय दशा है हमारी ? जीवन की इस जिस लंबाई को बढ़ाने में स्वयं परमात्मा को भी सफलता नहीं मिली उस लंबाई को बढ़ाने ...

कल की चिंता में वर्तमान समय को व्यर्थ ना गवाएं cal ki chinta mein vartman samay ko vyarth Na gavan

" रात गई बात गई " जो इस भाव में जीता है उसके पास भला तनाव कहां से आएगा ? रात की बात को सुबह लाना और सुबह की बात को रात तक खींच कर ले जाना ही तो चिंता का बसेरा बसाना है । अगर आप जी सकें तो वर्तमान में जीने की कोशिश कीजिए। जो जैसा मिला है उसे जिया जाए‌। जैसे आप अपने घर में खूंटियों पर कपड़े लटकाते हैं वैसे ही उन खूंटियों पर अतीत की यादें लटका दें, भविष्य की कल्पनाओं को लटका दें और आप वर्तमान में जिएं। जो वर्तमान में जीता है जैसी व्यवस्था मिलती है उसे स्वीकार कर लेता है, वह चिंतामुक्त है। कोठरी का भी स्वागत करो और कोठी का भी स्वागत करो। वर्तमान में जीते हुए प्रकृति के सानिध्य में रहने की कोशिश करें। प्रकृति जो कर देती है वही ठीक है। चिंता करने से जीवन के संयोग नहीं बदलते। चिंताओं से समस्या का समाधान भी नहीं निकला करता। अच्छा होगा चिंता करने के बजाय चिंतन करें, निर्णय लें तदनुसार कार्य करें, परिणाम जो आए उसका स्वागत करें। एक अन्य काम और करें कि जीवन में घटी दुर्घटनाओं को अधिक तवज्जो ना दें। उठा-पटक हर किसी की जिंदगी में होती है तभी तो आदमी को "समझ" आती है। लेकिन जो ब...